Breaking

शुक्रवार, 19 जनवरी 2024

शुक्रवार, जनवरी 19, 2024

हल्बा जनजाति की पारंपरिक वेशभूषा व सौंदर्य प्रसाधन

हल्बा जनजाति के पुरूष और स्त्रियों का शारीरिक श्रृंगार हमेशा से उतकृष्टता व आकर्षकता लिए हुए है। अन्य जनजातियों की तुलना में हल्बा जनजाति के पुरूष व स्त्रियों का वस्त्र परिधान व श्रृंगारशैली ज्यादा उन्नत नजर आती है। सामान्यतः इस समुदाय के पुरूष लंगोटी, धोती-कुर्ता, पटका,बनियान,सलुका,बारी (कान में), चूड़ा (हाथ में),लुढ़की (कान में),करधन (धागे से बनी) व सिर पर पगड़ी जैसे वस्त्र धारण करते हैं। कालांतर में पुरूषों ने लूँगी पहनना भी शुरू कर दिया। हल्बा समुदाय की स्त्रियाँ अपने शरीर में पटका,लुगा (साड़ी),पोलखा(ब्लाऊज) पहनती हैं। इस समुदाय की स्त्रियाँ प्रारंभ से ही शारीरिक श्रृंगार के प्रति सजग दिखाई देती हैं। अपनी शारीरिक सुंदरता को बनाए रखने के लिए वे अपने कानों में खिलवा,लुरकी,बनुरिया तथा पोहची या कर्णफूल पहनती हैं जो कि पीतल, चाँदी व ताँबा आदि की बनी होती है। स्त्रियाँ कमर में चाँदी से बनी करधन(गिलर) तथा गले में सुतिया, गिलर (सिक्कों की माला)सरिया, हंसली, धमेल या सुर्रा सुर्डा धारण करती हैं। पैरों में पैरपटी (पायल),तोड़ा या साँटी,लच्छा व पैरों की ऊँगलियों में बिछिया, चुटकी पहनती हैं। कलाई में ऐंठी,ककना,गुलेठा,नागमोटी,व नाक में फुली या लौंग पहनती हैं। सिर पर लकड़ी से बनी पनिया व फूँदरा धारण करती हैं। ये परंपरागत रूप से अपने हाथों की ऊँगलियों में मुंदरी(भउरहीं),मुंदी (अंगुठी) भी पहनती हैं। शारीरिक श्रृंगार के प्रति उनकी ललक तथा प्राचीन वैभवशाली परंपरा के पोषक हल्बा जनजाति की स्त्रियों में आभूषण प्रेम सदैव से परिपूरित रहा है। वहीं वे नश्वर शरीर की महत्ता को भली प्रकार से स्वीकारतीं एक विशेष पहचान के रूप में सदैव अमर बनाने की मंशा लिए अपने ठुड्डी एवं नाक के बगल में गोदना गुदवाती हैं। कई स्त्रियाँ अपने बाँह व हाथों के ऊपरी भाग तथा पैरों में भी *गोदना* से श्रृंगार करती हैं। लेखक डॉ. रामकुमार बेहार व डॉ. दिनेश कुमार राठौर की किताब 'काँकेर का इतिहास' पेज नं. 24 में उल्लेख किया गया है,वे लिखते हैं कि - 'एक ऐसी अलंकरण प्रणाली का नाम गोदना है,जिसका संबंध सीधे लोक संस्कृति से जुड़ता है। जहाँ त्वचा चित्रांकन का नाम गोदना है वहीं त्वचा-चित्र को भी गोदना कहते हैं। मानव जीवन में सौंदर्य बोध का इतिहास जितना प्राचीन है,गोदने का अलंकरण इतिहास भी लगभग उतना ही प्राचीन है। प्रागैतिहासिक गुफा-चित्र यह प्रमाणित करते हैं कि गुफ में रहने वाले मनुष्य सौंदर्य से परिचित थे। गोदना अलंकरण सहज,सुलभ होने के कारण भी लोकांचल में अधिक लोकप्रिय हो सका। 

    आगे लिखते हैं कि काँसा, ताँबा, पीतल और सोना-चाँदी के जेवर तथा अन्य आभूषण साथ नहीं देते। गोदना को कोई चुरा नहीं सकता, छीन नहीं सकता, हिस्से में माँग नहीं सकता, उतार नहीं सकता। इतने सस्ते में इतना स्थायी आभूषण गोदना के शिवाय संसार में कोई दूसरा अलंकरण नहीं हो सकता।'

   उक्त लेखकद्वय के विचारों में कुछ हद तक गोदना की पारंपरिक मान्यताओं को बल जरूर मिलता है। शायद यही कारण हो कि हल्बा समुदाय की युवतियों व महिलाओं के द्वारा गोदना गुदवाने की परंपरा विकसित हुई।

शुक्रवार, जनवरी 19, 2024

परलकोट- मुक्ति संग्राम के नायक शहीद गेंदसिंह (बाऊ) नायक (1825 ई.)

 *परलकोट- मुक्ति संग्राम के नायक*


 शहीद गेंदसिंह (बाऊ) नायक (1825 ई.)


1809 ई. में भोंसला आक्रमण के पश्चात दरियाव देव,महिपाल देव पर अनेकों वर्षों का बकाया टाकोली नागपुर के भोंसला शासकों को देना था इस बकाया राशि के बदले 1830 में सिहावा परगना नागपुर के केवल 5 गाँव उसकी माँ के अधिकार में थे उन 5 गाँवों को छोड़कर शेष सिहावा क्षेत्र नागपुर राजा के अधीन चला गया। भोंसलों की दुर्बलता के कारण 1818 ई. के पश्चात छत्तीसगढ़ सूबा का प्रशासन ब्रिटिश शासन के अधिकारियों के अधीन चला गया। इसी अवधि में- उत्तर-बस्तर में 640 वर्ग मील में विस्तारित जमींदारी परलकोट के अधीन 165 गाँव थे। परलकोट के जमींदार को भूमिया की उपाधि मिली थी। परलकोट बस्तर की सबसे पुरानी राजधानी मानी जाती है। प्राचीन काल में इसे राज्य का दर्जा मिला हुआ था और यह सप्त माड़िया राज्यों में से एक थी। जमींदारी का क्षेत्र चांदा से मिला हुआ था। 

     1825 ई. में गेंदसिंह के नेतृत्व में सुलग रहे परलकोट आँदोलन-आदिवासी आँदोलन था। जिसके माध्यम से अबूझमाड़ के आदिवासी लूटखसोट और शोषण रहित समाज की रचना करना चाहते थे। मराठों और अंग्रेजों के शोषण और दमन नीति पर नियंत्रण रखने के लिए संघर्ष था अंग्रेज अधिकारियों को पाठ पढ़ाने के लिए एक अभ्यास था।

   परलकोट के अबूझमाड़ियों के आह्वान पर बस्तर के सभी अबूझमाड़िया 24 दिसंबर 1824 से संबध्द होने लगे। उनका यह आँदोलन 4 जनवरी 1825 तक चांदा से अबूझमाड़ की पट्टी में छाया हुआ था। इस बीच ये एक ऐसा सुनहरा संसार बनाना चाहते थे जो इनके मिथकीय हीरों कर्ण के संसार से मिलता-जुलता हो।

   सच तो यह है कि बस्तर में मराठों और ब्रिटिश अधिकारियों की उपस्थिति से इन्हें अपनी पहचान का खतरा उत्पन्न हो गया था तभी से ये आशंकित और उद्दग्न हो उठे थे। परदेशी सभ्यता से ये खतरा महसूस करने लगे थे। विवरण के अनुसार ये अपने बाणों और भालों को तभी से नुकीला बना रहे थे।

   यह आँदोलन परलकोट जमींदार की प्रारंभिक स्थिति में उनका आक्रोश,शोषक कतिपय बंजारों के विरुद्ध था। जब उन्हें यह मालूम हुआ कि मराठा सेना इस पर कोई हस्तक्षेप नहीं कर रही है, तो वे अधिक आक्रामक हो गये। शीघ्र ही उन्होंने मराठा तथा अंग्रेज अधिकारियों पर भी घात लगाना प्रारंभ कर दिया।

   मराठों और अंग्रेज अधिकारियों के बाद बस्तर में बसे हुए विदेशी उनके आक्रोश के लक्ष्य बने। चांदा से संलग्न क्षेत्र में इनका बहुत अधिक आतंक फैल गया।

    एगन्यू ने 1 जनवरी 1825 तथा 4 जनवरी 1825 के अपने पत्र में उक्त आँदोलन को विद्रोह निरूपित करते हुए लिखा है कि साल भर चलनेवाले इस विद्रोह के कारण इस अंचल में भूखमरी की स्थिति पैदा हो गयी है। धनु,बाण,कुल्हाड़ी तथा भाला लेकर ये हजारों की संख्या में एक साथ निकलते हैं तथा लोगों के घरों को जलाकर रक्तरंजित हाथों से वापस लौटते हैं। एगन्यू की पहल पर जब चांदा से सेना आ गयी तो,इन विद्रोहियों ने छापामार युध्द प्रारंभ कर दिया।

    महिलाओं के साथ 500 से 1000 की संख्या में ये इकठ्ठे होते थे और दूर से ही मराठा सेना पर अपनी कुल्हाड़ियाँ चमकाते। मराठा सेना जैसे ही पास आती,ये जंगलों में छिपकर घात लगाकर वार करते थे। ये पहाड़ियों या पेड़ों पर चढ़कर नगाड़ा बजाते थे,जिससे अबूझमाड़ियों की सेना चारों ओर से आकर मराठों की सेना को घेरकर उन पर बाणों की बौछार करती थी। अबूझमाड़िया धावड़ा-वृक्ष की टहनियों को विद्रोह के संकेत के रूप में एक स्थान से दूसरे स्थान पर भेजते थे। पत्तों के सूखने के पहले वर्ग-विशेष को विद्रोहियों के पास जाने की हिदायत थी। इस प्रकार पूरे माड़ अंचल में आँदोलन की चिंगारी फैल गयी थी।

     गैंदसिंह और उनके साथियों पर जो मुकदमा चला था उसके आधार पर विद्रोहियों के क्रियाविधि को समझा जा सकता है। पराधीनता से मुक्ति के लिए, किस हद तक उनका आक्रोश फूटता था। जब ये किसी मराठा या अंग्रेज को पकड़ते थे, तो उसका बोटी-बोटी काट डालते थे। विद्रोह का संचालन अलग-अलग टुकड़ियों में मांझी लोग करते थे। रात्रि में सभी आँदोलनकारी किसी गोटुल में एकत्र होते थे और वहीं से अगले दिन का प्रोग्राम निश्चित होता था। इनके मुक्ति आँदोलन का मुख्य लक्ष्य मराठा सरकार द्वारा लगाए गए टैक्सों का विरोध तथा अंग्रेजों के दमन से मुक्ति पाना था। इनका विरोध इस बात पर भी था कि बस्तर के राजा को जमींदार की स्थिति में लाकर बिठाया दिया गया तथा बस्तर के पुराने जमींदारों की अस्मिता पर प्रहार किया गया था। गाँव के शोषणकर्ता ठेकेदारों को पकड़कर ये मार डालते थे। ये उन लोगों को नहीं सताते थे, जो उन्हें बराबरी का दर्जा देते थे। इनके प्रति असम्मान जताने वाला प्रत्येक इनकी सूची में होता था, जिसे ये समाप्त कर देते थे।

    परलकोट विद्रोह यहाँ की अबूझमाड़ियों का विदेशी सत्ता को धूल चटाने के लक्ष्य से हुआ था। यह बस्तर को गुलामी से मुक्त कराने का प्रयास था। विद्रोह की तीव्रता को देखते हुए एगन्यू ने 4 जनवरी 1825 ई. को चांदा पुलिस अधीक्षक कैप्टेन पेव को निर्देश दिया, ताकि आँदोलन को दबाएँ, जिसके फलस्वरूप मराठों और अंग्रेजों की सम्मिलित सेना ने 10 जनवरी 1825 को परलकोट को घेर लिया। गैंदसिंह बंदी बना लिए गए तथा 20 जनवरी 1825 को उन्हें परलकोट महल के सामने फाँसी दे दी गयी। अपने स्वाभिमान तथा मातृभूमि की रक्षा के लिए स्व.श्री गैंदसिंह नायक शहीद हुए। इस वंश के अंतिम जमींदार श्री चेतनसिंह नायक ने 1910 ई.में अंग्रेजी दमनकारियों के खिलाफ जैविक युध्द किया था। बताया जाता है गाँव में आँदोलन के दमन के लिए फौजी टुकड़ी को प्रवेश से रोकने के लिए अबूझमाड़ के आदिवासी धूँआ करके शहद के मधुमक्खियों को उद्वेलित करते थे। मधुमक्खियों के काटने से अंग्रेजी फौज के सिपाही अपनी प्राण रक्षा के लिए वापस भागने विवश हो जाते थे।      

  

*बस्तर के इतिहास के संदर्भ में गैंदसिंह*


   जमींदार गैंदसिंह के जन्म स्थल के विषय में मतैक्य नहीं है। परन्तु लोगों का मानना है कि जमींदार गैंदसिंह का जन्म परलकोट में सन् 1778 में हुआ था। उन्होंने स्थानीय स्तर पर शिक्षा ली, नैतिक शिक्षा के साथ-साथ उन्हें राजनीति की शिक्षा भी मिली थी। पिता की मृत्यु के बाद परलकोट जमींदारी का जमींदार गैंदसिंह बना।

   सन् 1800 ई.के पूर्व बस्तर को दो भागों में बाँटा गया था- बस्तर जमींदारी और खालसा जमींदारी। इन्द्रावती नदी का दक्षिणी भाग बस्तर जमींदारी और उत्तरी भाग खालसा जमींदारी कहलाता था। इन जमीदारियों या रियासतों में उनके छोटे-छोटे जमीदारियाँ गढ़ के रूप में शामिल थीं। खालसा जमींदारी में परलकोट भी वैसे ही हल्बा जमींदार गैंदसिंह के प्रभुत्व में था। सन् 1901 में प्रशासनिक मूल्यांकन के आधार पर इस जमींदारी का क्षेत्रफल 640 वर्गमील था, जिसमें गाँवों की संख्या 165 और जनसंख्या 5920 थी। परलकोट नदियों और पहाड़ों से घिरा हुआ था। पहाड़ के ऊपर राजा का महल था अब वहाँ मात्र खंडहर के रूप में अवशेष हैं। बस्तर रियासत की राजधानी जगदलपुर था और रियासत का राजा उन दिनों महिपाल देव था, जो राजा भंजदेव का वंशज था। बस्तर रियासत के सभी जमींदार एवं खालसा जमींदारी के समस्त जमींदार या राजा जगदलपुर के राजा का प्रभुत्व स्वीकारते थे और उन्हें लगान या कर दिया करते थे। खालसा की भूमि राजा की स्वाधीन होती थी परन्तु जगदलपुर(बस्तर) के नियंत्रण में होते थे। बस्तर जमींदारी और खालसा जमींदारी का केन्द्र जगदलपुर थी। जगदलपुर का राजा ईस्ट इंडिया कम्पनी का आधिपत्य स्वीकार कर चुका था। वह बस्तर जमींदार और खालसा जमींदारी का कर या लगान वसुलकर ईस्ट इंडिया कम्पनी को जमा करता।

     अंग्रेजी व्यापारिक कम्पनी के कर्मचारी सन् 1785 से प्रशासक बन बैठे थे। धन कमाना उनका प्रमुख लक्ष्य था। गवर्नर जनरल वारेन हेस्टिंग्ज ने 1775 में नन्दकुमार बंगाली ब्राह्मण को फाँसी पर लटका दिया। सन् 1775 में ही अवध के बेगमों का धन लूट लिया गया। सन्  1779-80 में चेतसिंह को फँसाया गया। लार्ड कार्नवालिस ने ईस्तमरारी बंदोबस्त लागू करके जमींदारों को हमेशा के लिए जमीन दे दिया और लगान भी निश्चित कर दिया गया। लार्ड वेलेजली ने सहायक संधि अपनाया। दक्षिण के राजा निजाम से सहायक संधि करके उसे अंग्रेजी कम्पनी के नियंत्रण में रखा गया। सन् 1817-18 में महाराष्ट्र के पेशवा और नागपुर के भोंसले का राज्य भी अंग्रेजी गवर्नर जनरल के शासन में शामिल हो चुके थे। लार्ड हेस्टिंग्ज ने सुधार के नाम पर रैयतवाड़ी प्रथा लागू किया और छत्तीसगढ़ के समस्त गढ़ों को अपने नियंत्रण में ले लिया। छत्तीसगढ़ पर शासन करने के नीयत से अनेक मेजर और अधिकारी नियुक्त किये गये जिनमें,


1. एडमड्स हैरिट- सन् 1818


2. मेजर एगन्यू-  21 जुलाई 1818 से 1826


3. केप्टन हन्टर - सन् 1826 से कुछ समय


4. केप्टन सेंडस - सन् 1826 से 1828


5. केप्टन विल्किन - सन् 1829


6. केप्टन क्राफ्ट - सन् 1830 तक


    मेजर एगन्यू के कार्यकाल में परलकोट का जमींदार गैंदसिंह था। भोपालपट्टनम में - यादव राव जमींदार था,मानपल्ली में- बाबूराव जमींदार था, आरामपल्ली जमींदारी में - वेंकटराव जमींदार था।

     बस्तर रियासत में बस्तर जमींदार और खालसा जमींदार में आवागमन का पूर्ण अभाव था। आवागमन और आयात-निर्यात का मुख्य साधन बैलगाड़ियाँ थीं। बस्तर जमींदारी और खालसा जमींदारी के लाख,धूप,मोम,गोंद, सींग,चावल,तिखुर, गुड़,सागौन की लकड़ी, रेशम,कोआ आदि का संग्रहण जगदलपुर में होता था और भोपालपट्टनम एवं रायपुर मार्ग से निर्यात किये जाते थे। नमक,नारियल, मसाला,अफीम, कागज, गोल मिर्च, कपड़े,गेहूँ आदि रायपुर से आयात किये जाते थे। निजाम रियासत से कपड़े,तम्बाकू, अफीम आदि बस्तर में आयात होते थे। क्रय का मूल्य चावल या कौड़ियों से दिया जाता था। ऐतिहासिक जानकारी के अनुसार 20 कौड़ियों का मूल्य 1 बोरी, 12 कौड़ियों का मूल्य 1 दोगानी और 12 दोगानी का मूल्य 1 रूपया होता था।

      जमींदार गैंदसिंह जगदलपुर के राजा के अधीन था, वह अपनी जमींदारी से लगान वसूल कर जगदलपुर नरेश के पास जमा करता था। सन् 1823-24 में जगदलपुर नरेश को भूमि कर नहीं मिल पाया। उसने अंग्रेज अधिकारी मेजर एगन्यू को इसकी शिकायत कर दी। गैंदसिंह अंग्रेजी प्रशासन से पहले से ही नाराज था,क्योंकि :-


1. आदिवासी जमींदारी से वनोपज, चावल,गुड़,रेशम,कोआ बाहर निर्यात होते थे, उसका उचित मूल्य हल्बा, माड़िया, गोंड़ आदि जनजातीय लोगों को नहीं मिलता था।


2. क्षेत्र में रैयतवाड़ी बन्दोबस्त लागू करके किसान एवं जमींदारों का अधिकार छिन लिया गया था।


3. किसी भी जमींदार को अन्य जमींदार से मित्रता करने या किसी के विरुद्ध लड़ाई का अधिकार नहीं था।


4. आवागमन की असुविधा के कारण अबूझमाड़िया लोगों में एवं हल्बा जाति के लोगों में संगठन नहीं बन पाया था।


5. गैंदसिंह हल्बा जनजाति का अकेला जमींदार था इसलिए उसकी उपेक्षा होती थी।


6. अबूझमाड़ की संस्कृति एवं परस्परता को अंग्रेजों से खतरा था।


7. जमींदारों को सेना रखने या सिपाही पद में भर्ती करने की पूर्ण मनाही थी।

     उपरोक्त कारणों से जमींदार गैंदसिंह जगदलपुर के नरेश से और अंग्रेज प्रशासन से नाराज था। उसने अपनी जमींदारी की सुरक्षा हेतु और आर्थिक क्षति को बचाने के लिए ईस्ट इंडिया कम्पनी के प्रशासक के विरुद्ध विद्रोह करने की योजना बना ली। उसने अबूझमाड़ में एकता व संगठन बनाना आरंभ कर दिया,अबूझमाड़ के लोगों में राजभक्ति की भावना जागी। नि:संदेह आदिवासी राजा को सर्वाधिक महत्व देते थे,राजा लौकिक शक्ति में सर्वोपरि होता था। अबूझमाड़िया पुरूष-स्त्रियाँ गैंदसिंह के योजना के अनुसार परलकोट में एकत्रित होने लगे। रमोतीन बाई भी महिलाओं का नेतृत्व कर रही थी। युध्द के आधार-


1. तीर-कमान,


2. देवी-देवताओं की शक्ति,


3. मंत्र-तंत्र एवं मधुमक्खियाँ।


            संगठन एवं एकता बनने की भनक अंग्रेज अधिकारियों को लगी। अंग्रेज अधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक एगन्यू को इसकी पूर्ण जानकारी दी। वह घबरा गया और मराठा सैनिक, चांदा के पुलिस अधीक्षक केप्टन पेव और अंग्रेज सैनिकों के द्वारा परलकोट घेर लिया। जमींदार गैंदसिंह ने अपनी जमींदारी की सुरक्षा, अपनी जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए लड़ाई की घोषणा कर दी। जमींदार सैनिकों के पास तीर-कमान ही अस्त्र-शस्त्र थे। अंग्रेज सैनिकों के विरुद्ध मंत्र-तंत्र से मधुमक्खियों का प्रयोग करते थे। अंग्रेज सैनिक और मराठा सैनिकों के आधुनिक अस्त्रों के सामने गैंदसिंह के सैनिक नहीं टिक सके। जमींदार पकड़ लिया गया। अंत में उसे परलकोट में उसके राजमहल के सामने फाँसी दे दी गई। परलकोट 1886 में प्रतापपुर तहसील व थाना था, जमींदार परलकोट सितरम में स्थानांतरित हुआ। आज परलकोट काँकेर जिला के पखांजूर तहसील में वीरान ग्राम दर्ज है। केवल कुछ खंडहर (भग्नावशेष) और पुरातत्व की सामाग्री के साथ विलुप्त अवस्था में है फिर भी अमर शहीद गैंदसिंह नायक जी की वीरता और अपनी मिट्टी के प्रति उनमें कृतज्ञता की भावना को देश हमेशा-हमेशा याद रखेगा।


संकलन:- *मुकेश बघेल (शिक्षक)*

आदिम जनजाति शोधकर्ता दुर्गूकोंदल (कांकेर ) छत्तीसगढ़

रविवार, 17 दिसंबर 2023

रविवार, दिसंबर 17, 2023

हल्बा क्रांतिवीरों ने देश की स्वतंत्रता के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है

 *हल्बा जनजातीय इतिहास, संस्कृति एवं शक्ति दिवस* 



 *हल्बा क्रांतिवीरों ने देश की स्वतंत्रता के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है*


आदिम जनजातीय समुदाय से लेकर सभ्य समाज अपनी मूल उत्पत्ति का दावा किसी काल्पनिक चरित्र, पौराणिक देवी-देवता अथवा प्राकृतिक पदार्थों से संबंध जोड़कर करता है। हल्बा जनजाति की उत्पत्ति के संबंध में विभिन्न लेखकों ने कई भ्रांतियों को जन्म दिया है। 


कुछ विद्वानों ने उड़िया राजा के खेत में फसल सुरक्षा के लिए लगे पुतलों में शिव-पार्वती द्वारा प्राण डालने से हल्बा उत्पत्ति का उल्लेख किया है। शिव की कृपा से पुतले हिलने-डुलने लगे और मनुष्य रूप में जीवंत हो उठे। इन जीवंत मनुष्यों ने पहचान के लिए भगवान शिव से अपनी जाति पूछी तो उन्होंने जाति का नाम बताया-हालिबा टा। उड़िया भाषा में हालिबा टा अर्थात हिलने डुलने वाले। हालिबा टा शब्द अपभ्रंश के रूप में हल्बा में परिवर्तित हो गया।

 *हल्बा जनजाति की उत्पत्ति*    



हल्बा उत्पत्ति का संबंध महाभारत के प्रसंग रूक्मणी-हरण से भी जोड़ा जाता है। रूक्मणी हरण के समय जिन योद्धाओं ने बलराम के पक्ष में युद्ध किया था, वे बलराम के प्रिय अस्त्र हल को धारण करने लगे। हलवाहक होने के कारण यह शब्द बाद में कुछ सुधार के साथ अपभ्रंश के रूप में हल्बा में परिवर्तित हो गया। अ़ंग्रेज विद्वान जी.के. गिल्डर हल्बा की उत्पत्ति कन्नड़ शब्द हल्बारू से मानते हैं। जिसका अर्थ होता है-प्राचीन। मिथकीय कथायें और विद्वानों के मत भिन्न हो सकते हैं लेकिन आदिम अर्थव्यवस्था और सभ्यता के विकास क्रम का अध्ययन करने से स्पष्ट होता है कि आखेटक स्थिति से कृषि मूलक अर्थव्यवस्था में आगमन के चरण में स्थानांतरित कृषि से स्थायी कृषि अर्थव्यवस्था में जिन आदिम जातियों ने हल को धारण किया, उनके सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक स्थिति में व्यापक परिवर्तन हुआ। हल्बी में शिकार खेलने के लिये पारद खेलतो और स्थानांतरित कृषि के लिए डाही डोसतो शब्द बोलचाल में प्रयुक्त होते हैं।

 *हल और बाहना से हल्बा उत्पत्ति* 



कृषि कार्य में हल की उपयोगिता और चिवड़ा ( पोहा ) के पारंपरिक उपकरण  बाहना से मिलकर हल्बा शब्द का निर्माण हुआ है। हल्बा मूलत: कृषक जनजाति है। अत्यधिक अन्न उत्पादन से शेष बचे धान को हल्बिन महिलायें  उसनकर (उबालकर), हंडी में धीमे आंच में तपाकर मूसल और चाटू की सहायता से बाहना में कूटती हैं। इस प्रक्रिया से चिवड़ा (पोहा) उत्पादित होता है। इस चिवड़ा को हल्बा जाति की महिलायें बाजार में बेचकर घर-परिवार की अर्थव्यवस्था में योगदान देती हैं। चिवड़ा कूटना हल्बा जाति की महिलाओं का पारंपरिक व्यवसाय है।

 *सुख-चिवड़ा का बस्तर की संस्कृति में योगदान* 



चिवड़ा का बस्तर की संस्कृति में सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान है। हल्बा समाज के साथ अन्य समाजों में मांगलिक कार्य विशेषकर माहला (सगाई), विवाह के विभिन्न रस्म पूरे होने के पश्चात चिवड़ा गुड़ देने का रिवाज है। चिवड़ा गुड़ ने बस्तर के सभी समाजों को एक सूत्र में पिरोकर सामाजिक सद्भाव में मिठास घोलने का कार्य सदियों से किया है। इसलिये इसे बस्तर में सुख-चिवड़ा के नाम से जाना जाता है।



सरगी (साल) पत्तों के दोनी में चिवड़ा के साथ गुड़ मिलाकर देने का सांकेतिक अर्थ-रस्म विशेष की पूर्णता को बयान करता है। बस्तर के कुछ क्षेत्र विशेष में मुरिया-गोंड समाज के लोग नवाखानी पर्व के अवसर पर हल्बिन महिला के हाथ का बना चिवड़ा ही अपने कुलदेवता में अर्पित करते हैं। 

हल्बा बस्तर की मूल जनजाति है



क्या हल्बा अन्य राज्य से प्रवासित जनजाति है ? इतिहासकार, साहित्यकार और भाषा विज्ञानियों ने बस्तर की भौगोलिक, राजनैतिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक परिदृश्य के समुचित अध्ययन के बगैर हल्बा को काकतीय राजा अन्नमदेव से संबंध जोड़कर वारंगल (तेलंगाना ) से प्रवासित जनजाति का दर्जा दे दिया। वास्तविकता ठीक इसके उलट है। ऐतिहासिक प्रमाण उल्लेख करते हैं कि वारंगल, तेलंगाना में लगातार मुस्लिम आक्रमण से नये साम्राज्य की स्थापना का स्वप्न लिये सन 1317 में चालुक्यवंशी अन्नमदेव ने बस्तर की ओर रूख किया था। कुलदेवी माई दन्तेश्वरी के आशीर्वाद से मात्र 2000 सैनिकों के साथ अन्नमदेव ने बस्तर प्रवेश किया था। जनजातियों के तगड़े प्रतिरोध के बाद सन 1324 में बस्तर में काकतीय वंश की स्थापना हुई।

                 हल्बा बस्तर की मूल जनजाति है। यदि हल्बा काकतीय राजा के साथ वारंगल, तेलंगाना से आये होते, तो निश्चित रूप से हल्बाओं की मातृबोली हल्बी में तेलुगु शब्दों की भरमार होती जबकि हल्बी में तेलुगु शब्दों का पूर्णत: अभाव है। यदि हल्बा वारंगल से सैनिक वेश में आये होते तो निश्चित रूप से महिलाओं, बच्चों और रिश्तेदारों को छोड़कर आये होते और उनके कुल-कुटुंब के वंशज आज भी तेलंगाना में पूर्ण अस्तित्व के साथ आबाद होते लेकिन वर्तमान में वारंगल और तेलंगाना के अन्य स्थानों में हल्बा समाज का अस्तित्व ही नहीं है।                     बस्तर रियासत के दीवान पण्डा बैजनाथ, आर.व्ही.रसेल, हीरालाल और बस्तर भूषण के रचनाकार केदारनाथ ठाकुर अपने लेखों में हल्बा को बस्तर की मुरिया जनजाति उल्लेखित करते है। बस्तर में सदियों से निवासरत अन्य जातियों से हल्बा की उच्च सांस्कृतिक स्थिति के कारण कुछ विद्वान इस जनजाति को अन्य राज्य से प्रवासित बताने की भूल करते हैं। रियासतकालीन प्रथम प्रकाशित ग्रंथ बस्तर भूषण (1908 ) के अनुसार हल्बा बस्तर में आदिकाल से निवासरत 24 जातियों में सांस्कृतिक समृद्धि के मामले में उच्च पायदान पर है।                         काकतीय शासनकाल में विश्वासपात्र सैनिक, राजकीय प्रशासन में भागीदारी और राज परिवार से निकट संपर्क के कारण आचार-विचार,रहन-सहन, वेशभूषा में परिवर्तन से हल्बाओं की सामाजिक-सांस्कृतिक स्थिति में सुधार हुआ जिसके कारण समकालीन आदिम और परंपरागत जातियों से हल्बा की स्थिति भिन्नता लिए हुये है। आर. व्ही.रसेल और हीरालाल (1916) लिखते हैं कि हल्बी बोली इस तथ्य को प्रमाणित करती है कि हल्बा जाति पूर्णत: जनजातीय पृष्ठभूमि से सरोकार रखती है।

 *बस्तर इतिहास में हल्बा समाज का योगदान* 

ऐतिहासिक दृष्टि से बस्तर में 7 वीं शताब्दी से 9 वीं शताब्दी तक नलवंश और नौवीं शताब्दी से 13 वीं शताब्दी तक नागवंश का शासनकाल था। नलवंशी और नागवंशी शासन के दौरान हल्बा राजाओं का उल्लेख मिलता है। प्राचीन बस्तर (चक्रकोट) की राजधानी बारसूर छिंदक नागवंशी राजाओं की समृद्ध विरासत की साक्षी है। नागवंश शासन में ही हल्बी भाषा का जन्म हुआ।

                 काकतीय शासन में  लोकभाषा हल्बी बस्तर रियासत की राजभाषा थी। बस्तर की सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक एवं सांस्कृतिक व्यवस्था में हल्बा जनजाति का योगदान अतुलनीय है। रियासत काल में दीवान का पद हल्बा व्यक्ति को दिया जाता था। बस्तर राजा के विश्वस्त मंत्रियों और सलाहकारों में पांच नाईक की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जाती थी।

                ये पांच नाईक राजा के पांच रत्नों के समान न्यायिक कार्य में सहयोग प्रदान करते थे। नाईक, देहारी, दीवान, प्रधान, कुपाल, बाकड़ा, भंडारी, समरथ, मांझी, कुदराम आदि राजाओं की ओर से हल्बा समाज को दिये गये पद हैं, जिसे आज भी उपनाम के तौर पर प्रयोग किया जाता है।


 *बड़े डोंगर हल्बा समाज का प्राचीन काल से मुख्यालय है*      

बस्तर की प्राचीन राजधानियों में से एक बड़े डोंगर हल्बा समाज का प्राचीन काल से मुख्यालय है। अन्य समाज से हल्बाओं में संगठन क्षमता, सैन्यवृत्ति और नेतृत्व गुणों के आधिक्य के कारण ये सदैव राजाओं के भरोसेमंद रहे। इन्हीं गुणों के कारण राजाओं को हमेशा भय रहता था कि कहीं अन्य जातियों को हल्बा शासन के विरुद्ध विप्लव के लिए बाध्य न कर दें।

                लंबे समय तक बड़ेडोंगर को बस्तर की राजधानी होने का गौरव प्राप्त है। अन्नमदेव से लेकर कमलचंद्र भंजदेव तक बस्तर के सभी राजाओं का राजतिलक बड़ेडोंगर में सम्पन्न हुआ है। जिस पत्थर पर नये राजा को बैठाकर राजतिलक की रस्म की जाती है, उस पत्थर को  गादी पखना के नाम से जाना पहचाना जाता है। बस्तर और कांकेर के राजाओं का राजतिलक हल्बा सरदारों द्वारा ही सम्पन्न करने की रियासतकालीन परंपरा है।


 *बस्तर दशहरा में तलवार और राजा के छत्र को लेकर हल्बा चलते है*     


बस्तर में बत्तीस बहना, चौरासी पाड़ देवी-देवताओं की पुरातन परंपरा है। काकतीय शासनकाल से पूर्व नल-नागवंशी काल से ही हल्बा अधिकांश देवी-देवताओं के पुजारी हैं। मावली, दंतेश्वरी और विभिन्न आंगादेव के पुजारी हल्बा हैं। बस्तर दशहरा में तलवार और राजा के छत्र को लेकर हल्बा चलते हैं। राजा के अंगरक्षक के रूप में इनकी प्रतिष्ठा है।

            बस्तर राज की विरासत कालबान बंदूक को दशहरा में कालबानिया हल्बा धारण करता है। विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरा निर्विघ्न संपन्न हो, इस आशय से नौ दिनों तक उपवास रहकर हल्बा जाति का सदस्य ही जोगी बनकर योग साधना में लीन रहता है। बस्तर रियासत में महत्वपूर्ण नाईक के पद पर राजा द्वारा हल्बा को ही नियुक्त करने की परंपरा है।


हल्बा विद्रोह -(1774-1779)

राजगद्दी को लेकर दो राजकुमारों अजमेर सिंह और दरियावदेव के मध्य उत्तराधिकार युद्ध ने हल्बा विद्रोह को जन्म दिया। अजमेर सिंह राजा दलपतदेव की पटरानी का पुत्र था,जिसे युवावस्था में ही बड़ेडोंगर का अधिपति नियुक्त किया गया था। राजा अपनी सौतेली रानी के प्रेम में पड़कर दरियावदेव को गद्दी सौंपना चाहते थे। राजगद्दी को लेकर छिड़े विवाद में हल्बा सरदारों ने अजमेर सिंह का पक्ष लिया था। हल्बा सेना की सहायता से अजमेर सिंह ने जगदलपुर को घेर लिया था। पहली लड़ाई हल्बा सैनिकों ने जीत ली थी। दरियावदेव को हार के बाद जैपुर राजा के यहां शरण लेनी पड़ी।

                जैपुर राजा एवं ब्रिटिश और मराठों के साथ समझौता के तहत दरियावदेव को विशाल सैन्य सहायता मिली। गठबंधन सेना के बल पर अजमेर सिंह पर दरियावदेव ने आक्रमण कर दिया। लंबी लड़ाई के बाद अजमेर सिंह की हार हुई। भारी संख्या में हल्बा सैनिकों को क्रूरतापूर्वक मार डाला गया। दो वर्षों तक चले युद्ध में 2500 से अधिक हल्बा मारे गये। बंदी सैनिकों को ताड़ झोंकनी जैसा दण्ड दिया गया। कई हल्बाओं को चित्रकोट जलप्रपात में फेंक दिया गया। कईयों की आखें तक फोड़ी गईं।

                कईयों को हाथी के नीचे कुचला गया। दरियावदेव के क्रूर व्यवहार से कुछ ही हल्बा प्राण बचाने में सफल रहे। अंतत: हल्बा सरदारों के साथ दरियावदेव के मध्य समझौते के बाद हल्बा विद्रोह समाप्त हुआ। ऐतिहासिक दृष्टि से छत्तीसगढ़ में अजमेर सिंह  क्रांति के पहले मसीहा हैं। हल्बा विद्रोह के बाद अस्तित्व संकट ने हल्बा समाज में बिखराव पैदा किया।


 *परलकोट विद्रोह -(1824-25)* 



आदिवासी स्वाभिमान और मातृभूमि की आजादी के लिए परलकोट रियासत के भूमिया राजा गेंदसिंह बाऊ के नेतृत्व में सन 1824 में हल्बा, मुरिया और अबुझमाड़िया आदिवासियों ने तत्कालीन शासन के विरुद्ध विद्रोह का बिगुल फूंका था। जिसे इतिहास में  परलकोट विद्रोह अथवा अबुझमाड़ विद्रोह का नाम दिया गया। विद्रोह ने व्यापक रूप ले लिया था।

            अंतत: ब्रिटिश-मराठा सेना के हस्तक्षेप से विद्रोह पर काबू पा लिया गया। आदिवासियों के पारंपरिक अस्त्र-शस्त्र तीर-धनुष, टंगिया, फरसा आधुनिक बंदूकों के आगे टिक नहीं सके। विद्रोह के नायक गेंदसिंह को गिरफ्तार कर 20 जनवरी 1825 को  उनके महल के सामने इमली पेड़ पर फांसी दी गई।



            ऐतिहासिक साक्ष्य के अनुसार गेंदसिंह छ.ग.के पहले शहीद हैं लेकिन आजपर्यंत तक इस हल्बा वीर को उसके योगदान का वास्तविक सम्मान मिलना शेष है। अखिल भारतीय हल्बा समाज द्वारा प्रतिवर्ष 20 जनवरी को शहादत दिवस के रूप में गेंदसिंह के योगदान को स्मरण किया जाता है।

1910 का भूमकाल आंदोलन और हल्बा समाज का योगदान 

मुरिया राज की स्थापना के मकसद से नेतानार के धुरवा जनजाति के गुंडाधूर के नेतृत्व में 1910 में यह आंदोलन पूरे बस्तर में प्रभावशील हुआ। आंदोलन का बीजारोपण अक्टूबर 1909 में दशहरे के दिन रानी सुबरन कुंअर और लाल कालेन्द्र सिंह द्वारा अंतागढ़ तहसील, जिला कांकेर में स्थित ताड़ोकी गांव के आदिवासी सभा में जनसमूह को संबोधित करने से हुआ।राज परिवार के सदस्यों ने ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ आदिवासियों को विद्रोह के लिये प्रेरित किया।

             फरवरी 1910 तक पूरे बस्तर में इस आंदोलन का विस्तार हो चुका था। विद्रोह को दबाने के लिए ब्रिटिश सरकार को एड़ी चोटी का जोर लगाना पड़ा। भूमकाल आंदोलन में हल्बा समाज के वीरों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई थी। बस्तर को 10 विद्रोह क्षेत्र के रूप में चिन्हित कर सभी जाति समुदाय के लोगों को नेतृत्व सौंपा गया था। दक्षिण बस्तर कोण्टा में विद्रोही नेता के रूप में धनीराम हल्बा को जिम्मेदारी दी गई थी। जगदलपुर क्षेत्र में हरि चालकी और बुद्धू मांझी (कैकागढ़),बस्तर के लिए नाईकगुड़ा के जोगी और जैतगिरी के जयसिंग  को कमान सौंपी गई थी।

            अर्जुन सिंह, सोमनाथ वैध,वीर सिंह बहीदार और नारायणपुर से बहीदार रामधर कुपाल,धरमा पातर ने भी इस आंदोलन में भाग लिया था। भूमकाल आंदोलन के क्रांतिकारियों को सरकार द्वारा आजीवन कारावास से लेकर कठोर से कठोर कारावास की सजा दी गई।सात वर्षों का कठोर कारावास हरचंद नाईक को,चार वर्षों का कठोर कारावास समारू वल्द देवीसिंह हल्बा को एवं धनीराम हल्बा (कोण्टा) को दो वर्षों के कठोर कारावास का दंड दिया गया। अन्य हल्बा वीरों ने भी इस आंदोलन में  बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था लेकिन इतिहास में वे गुमनाम हैं।


 *आजादी की लड़ाई में सुखदेव पातर (पातर हल्बा) की भूमिका* 



महात्मा गांधी से प्रेरित अहिंसक आंदोलन में भाग लेकर हल्बा क्रांतिवीरों ने भी देश की स्वतंत्रता के लिए योगदान दिया है। इन अमर बलिदानियों में ग्राम-भेलवापानी,दुर्गकोंदल, तहसील-भानुप्रतापपुर, जिला-कांकेर निवासी स्व. सुखदेव पातर (पातर हल्बा) का नाम उल्लेखनीय है। सुखदेव पातर का जन्म सन 1892 में ग्राम राउरवाही, कांकेर में हुआ था। इनके पिता का नाम रघुनाथ हल्बा था। इनके पूर्वज बहेटीपदर, डुमरतराई जिला नारायणपुर के हैं, किसी काल में कांकेर क्षेत्र में प्रवासित हुये थे।

                अंग्रेजों की शोषण नीति,अत्याचारी व्यवहार से कांकेर क्षेत्र की जनता में भारी आक्रोश व्याप्त था। 1920 में पूरे देश के साथ छत्तीसगढ़ में भी असहयोग आन्दोलन का सूत्रपात हुआ। कण्डेल नहर सत्याग्रह में आंदोलनकारियों की हौसला अफजाई के लिए महात्मा गांधी का प्रथम छ.ग.आगमन 1920 में हुआ। सुखदेव पातर अपने दो साथियों इन्दरू केंवट और कंगलू कुम्हार के साथ गांधी जी से भेंट करने कांकेर से पैदल चलकर धमतरी गये। गांधी जी के असहयोग आन्दोलन से प्रभावित होकर उन्होंने इन्दरू केंवट और कंगलू कुम्हार के साथ मिलकर दुर्गकोंदल क्षेत्र में गांधीवादी तरीके से ब्रिटिश सरकार का विरोध किया था।



                ये तीनों आजादी के मतवाले गांव-गांव घूमकर, चरखायुक्त तिरंगा झंडा लेकर हाट-बाजारों में देशभक्ति का प्रचार कर लोगों को जागरूक करते थे। सविनय अवज्ञा आन्दोलन में भी सुखदेव पातर ने सक्रिय भूमिका निभाई थी। महात्मा गांधी के द्वितीय छ.ग. प्रवास 1933 ई. के दौरान सुखदेव पातर, इन्दरू केंवट और कंगलू कुम्हार गांधी जी से मिलने दुर्ग गये। इनके प्रयासों से सुरूंगदोह, भेजलपानी और दुर्गकोंदल आजादी की लड़ाई के प्रमुख केन्द्र बन गये।पातर हल्बा और साथियों की गतिविधियों से कांकेर रियासत का ब्रिटिश प्रशासन भयभीत हो उठा।

                    कांकेर रियासत के अधीक्षक रघुवीर प्रसाद ने 1933 में सुखदेव पातर और साथियों को पकड़ने के लिए दो बार अभियान चलाया।कोड़ेकुरसे बाजार और अन्य जगहों पर इन्हें तलाशा गया लेकिन वे पकड़े न जा सके। सुखदेव पातर के नेतृत्व में स्वतंत्रता की लड़ाई में आदिवासियों को प्रेरित करने खण्डी नदी के पास पातर बगीचा में एक सभा बुलाई गई, जिसमें लगभग दो हजार लोग चरखायुक्त तरंगा झंडा लिये मौजूद थे। इस बैठक में पातर हल्बा और साथियों ने लोगों को आजादी के लिए प्रेरित किया।

                    वर्ष 1944-45 में पातर हल्बा, इन्दरू केंवट और कंगलू कुम्हार के नेतृत्व में कांकेर रियासत के दीवान टी. महापात्र द्वारा भू-राजस्व(लगान) में वृद्धि किये जाने के विरोध में भू राजस्व विरोधी आंदोलन चलाया गया। इन तीनों पर ब्रिटिश हुकूमत का विरोध करने के कारण राजद्रोह का मुकदमा दर्ज हुआ और इन्हें सजा भी दी गई। देश आजाद होने पर सुखदेव पातर ने सुरूंगदोह और गोटुलमुंडा गांव में आजादी का खम्भा गाड़कर चरखायुक्त झण्डा फहराया था।

                भारत माता के सच्चे सपूत, आजादी के इस दीवाने का 09 जनवरी 1962 को स्वर्गवास हो गया। अखिल भारतीय आदिवासी हल्बा समाज  एवं इनके वंशज ढालसिंह पातर द्वारा शासन-प्रशासन से सुखदेव पातर को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी का दर्जा देने की मांग की गई है लेकिन दुर्भाग्य से आज पर्यन्त तक इस देशप्रेमी सपूत को उसके योगदान का वास्तविक सम्मान नहीं मिल सका है।

हल्बा समाज की सामाजिक एवं संगठनात्मक व्यवस्था

वर्तमान में  हल्बा समाज पांच महासभा में विभक्त है। पांचों महासभा के सगा बिरादरों को संगठित करने के उद्देश्य से अखिल भारतीय आदिवासी हल्बा समाज से सम्बद्ध किया गया है।


18 गढ़ हल्बा समाज

कांकेर शिलालेख 1210 ई.में पहली बार हल्बा पट्टी के रूप में 18 गढ़ों का उल्लेख मिलता है। इससे यह तथ्य प्रमाणित होता है कि अन्नमदेव के सिंहासनारूढ़ होने की तिथि 1324 ई.से पूर्व बस्तर में हल्बा राजाओं का शासन था। डॉ.हीरालाल शुक्ल के अनुसार सन 1465 - 1502 के मध्य बस्तर राजा ने 18 गढ़ों पर कब्जा कर व्यवस्थित करने का प्रयास किया था।इसका तात्पर्य है कि काकतीय शासकों को स्वाभिमानी हल्बा योद्धाओं से अनवरत संघर्ष करना पड़ा था।

                1502 ई. में प्रतापराज देव ने 18 गढ़ों को जीतकर अपने छोटे भाई को बड़ेडोंगर का अधिपति नियुक्त किया था। अजमेर सिंह, दलगंजन सिंह,लाल कालेन्द्र सिंह आदि बस्तर राजपरिवार के सदस्य ही रियासत काल में 18 गढ़ों के स्वामी नियुक्त होते थे। राजशाही काल में इन 18 गढ़ों में राजा द्वारा अपने विश्वासपात्र हल्बा योद्धाओं को  गढ़पति नियुक्त किया जाता था।


 *18 गढ़ हल्बा समाज की सामाजिक व्यवस्था* 

बस्तर अंचल की हल्बा जनजाति ने 18 गढ़ हल्बा समाज महासभा के रूप में स्वयं को संगठित किया है। महासभा का मुख्यालय बड़ेडोंगर है। महासभा द्वारा लोकतांत्रिक प्रक्रिया से अध्यक्ष का मनोनयन 5 वर्षों के कार्यकाल के लिए होता है। व्यवस्थापिका एवं कार्यपालिका का गठन कर समाज को सुचारू रूप से संचालित किया जाता है। न्यायिक कार्य के लिए  " पांच नाईक " की व्यवस्था है। न्यायपालिका का अलग से गठन नहीं होता।

                महासभा कार्यकारिणी में संरक्षक,पांच नाईक, अध्यक्ष,उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, महासचिव, संभाग अध्यक्ष होते हैं। सामाजिक उत्थान हेतु युवा, कर्मचारी एवं महिला प्रकोष्ठ का गठन किया जाता है। ग्राम,गढ़, संभाग और महासभा से 18 गढ़ हल्बा समाज की सामाजिक, सांगठनिक व्यवस्था का निर्माण होता है। वार्षिक महासभा में विभिन्न प्रकरणों का निपटारा सर्व बिरादरों की उपस्थिति और सहमति में होता है। एजेंडा का निर्माण महासभा बैठक से पूर्व कार्यकारिणी बैठक में किया जाता है।

                समाज के लिये नियम बनाने का अधिकार ग्राम,गढ़, संभाग को नहीं है। वर्तमान में यह महासभा अखिल भारतीय आदिवासी हल्बा समाज 18 गढ़ हल्बा समाज मुख्यालय - बड़ेडोंगर के रूप में पंजीकृत है। बस्तर संभाग के अतिरिक्त उड़ीसा के कोकसरा,सिहावा (धमतरी,छ.ग.) और महाराष्ट्र के झाड़ापापड़ा में इस महासभा के सगा -बिरादर निवासरत हैं। 18 गढ़ों में बड़ेडोंगर को माथगढ़ (शीर्ष गढ़) का दर्जा दिया जाता है। द्वितीय गढ़ छोटेडोंगर और तीसरे गढ़ के रूप में नारायणपुर की मान्यता है।


 *पांच नाईक और पंच ईमली* 

बड़ेडोंगर में राजशाही काल में दैवी संस्कार संपन्न करने के लिए राजा द्वारा पांच नाईक को नियुक्त किया गया था।पांच नाईक की उपस्थिति में ही बड़ेडोंगर में दैवी कार्य पूर्ण कराने की परंपरा थी। पांच नाईक की प्रतिष्ठा में वृद्धि होने से राजा द्वारा न्यायिक कार्य में भी इनका सहयोग लिया गया। ये पांच नाईक पांच इमली के पेड़ के नीचे बैठकर न्यायिक कार्य करते थे।

                वर्तमान में ये पंच ईमली के वृक्ष धराशायी हो चुके हैं। पांच ईमली के वृक्षों का समूह संवसार बन्धा बड़ेडोंगर में स्थित था। बड़ेडोंगर से जगदलपुर राजधानी परिवर्तन के बाद बस्तर राजा द्वारा दैवी कार्य का प्रभार सौंपकर तथा अपना प्रतिनिधि नियुक्त कर इन पांच नाईक को समाज को सौंपा गया था। इन पांच नाईक में प्रधान को सर्वश्रेष्ठ दर्जा प्रदान किया गया था।

                अन्य चार नाईक गागड़ा, कुदराम, समरथ और मांझी हैं। बस्तर अंचल के हल्बा जनजाति में दो वर्ग पाये जाते हैं पुरित/पुरैत/पुरहित और सुरित/सुरैत/सुरहित। पुरित श्रेणी के हल्बाओं ने अपने आपको 18 गढ़ हल्बा समाज से सम्बद्ध किया है जबकि सुरित हल्बा ने अपना पृथक अस्तित्व बनाने के प्रयास में 32 गढ़ हल्बा समाज का निर्माण किया है। हकीकत यह है कि 90 के दशक से पूर्व तक सुरित हल्बा भी 18 गढ़ की ही एक शाखा थी। प्रारंभ में यह वर्ग 18 गढ़ सुरित के नाम से जाना जाता था। बाद में गढ़ों की संख्या बढ़कर 32 हो गई।


 *32 गढ़ हल्बा समाज महासभा* 

महासभा का मुख्यालय बड़ेडोंगर में स्थित है।32 गढ़ हल्बा समाज भी 18 गढ़ की तरह माथगढ़ (शीर्ष गढ़) का दर्जा बड़ेडोंगर को देता है। महासभा कार्यकारिणी में संरक्षक,अध्यक्ष, उपाध्यक्ष,अध्यक्ष ( न्याय समिति ), महासचिव, सचिव, कोषाध्यक्ष एवं कार्यकारिणी सदस्यों का मनोनयन सर्व सम्मति से होता है। युवा एवं महिलाओं के उत्थान के लिए पृथक से प्रकोष्ठ का गठन किया गया है। वार्षिक महासभा में विभिन्न सामाजिक प्रकरणों का निराकरण सर्व सम्मति से होता है।बस्तर संभाग के अतिरिक्त उड़ीसा, महाराष्ट्र के भापड़ा और छत्तीसगढ़ में बिन्द्रानवागढ़ क्षेत्र, धमतरी जिला में इस महासभा के सदस्य आबाद हैं।


 *बालोद महासभा* 

हल्बा क्रांति के बाद समाज में बिखराव उत्पन्न हुआ।कुछ हल्बा समूह बस्तर छोड़ छत्तीसगढ़ क्षेत्र में पलायन कर गए एवं छत्तीसगढ़ी संस्कृति को आत्मसात कर लिया। छत्तीसगढ़ी संस्कृति से प्रभावित हल्बा समाज ने पृथक से महासभा का गठन 1940 में बालोद महासभा के नाम से किया। बालोद महासभा के सगाजन दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद, रायपुर, धमतरी  एवं बस्तर के कांकेर जिले में विस्तारित हैं। इस महासभा के हल्बा सदस्यों की भागीदारी सरकारी सेवाओं में सर्वाधिक है।


 *मध्यप्रदेश महासभा (लांजी)* 

मध्यप्रदेश  के बालाघाट, लांजी गढ़, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला जिले के कुछ क्षेत्रों में हल्बा समाज आबाद है। इन्होंने भी पृथक से महासभा का निर्माण किया है।


 *महाराष्ट्र महासभा (गोंदिया)* 

महाराष्ट्र के गोंदिया,भंडारा एवं नागपुर क्षेत्र में भी बहुतायत से हल्बा समाज आबाद है। मराठी सँस्कृति से प्रभावित ये हल्बा महाराष्ट्र महासभा के नाम पर संगठित हैं और चारों महासभा की तरह अखिल भारतीय आदिवासी हल्बा समाज से सम्बद्ध हैं। इस महासभा का मुख्यालय गोंदिया में है।


 *समाज का एकीकरण एवं शक्ति दिवस का महत्व* 

हल्बा क्रांति के बाद अस्तित्व संकट ने हल्बाओं को बस्तर से अन्य राज्यों की ओर पलायन के लिए बाध्य किया।जिस हल्बा समूह ने जिस प्रदेश में पलायन किया, वहां की संस्कृति को आत्मसात कर लिया। उड़िसा में बसे हल्बा समाज पर उत्कल संस्कृति, महाराष्ट्र के सगा बिरादर पर मराठी सँस्कृति, छत्तीसगढ़ के मैदानी क्षेत्रों में बसे समाज पर छत्तीसगढ़ी संस्कृति,और म.प्र.के बालाघाट, छिंदवाड़ा, सिवनी में बसे हल्बा समाज पर बुंदेलखंडी संस्कृति का प्रभाव साफ झलकता है।

            देश के विभिन्न भागों में भिन्न -भिन्न संस्कृति को आत्मसात कर चुके हल्बा समाज को एकता के सूत्र में बांधना भगीरथी प्रयास से कम नहीं है।इस दुष्कर कार्य को करने का जिम्मा अखिल भारतीय हल्बा आदिवासी कर्मचारी प्रकोष्ठ ने अपने कंधों पर लिया।


 *कर्मचारी प्रकोष्ठ का प्रथम अधिवेशन 1991 में भिलाई नगर में हुआ था*       


अखिल भारतीय हल्बा आदिवासी कर्मचारी प्रकोष्ठ का गठन सन 1990 में भिलाई और रायपुर में सरकारी सेवा में कार्यरत समाज के प्रबुद्ध वर्ग ने किया। कर्मचारी प्रकोष्ठ का प्रथम अधिवेशन 1991 में भिलाई नगर एवं द्वितीय अधिवेशन अप्रैल 1992 में रायपुर में हुआ। अधिवेशन का मुख्य उद्देश्य था विभिन्न क्षेत्रों में बसे सांस्कृतिक विविधता लिये हल्बा समाज को एकता के सूत्र में बांधकर अखिल भारतीय स्वरूप प्रदान करना।

             1994 में कर्मचारी प्रकोष्ठ के प्रयास से अखिल भारतीय आदिवासी हल्बा समाज का गठन हुआ। देशभर में बसे हल्बा जनजाति के आचार-विचार, रहन-सहन, रीति-रिवाज एवं धार्मिक मान्यताओं के अध्ययन के बाद सन 1995 में पांचवां अधिवेशन कोण्डागांव में स्वर्गीय एस.आर.एल्मा के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ। इस सम्मेलन में पहली बार महाराष्ट्र, बालोद और बालाघाट महासभा के सगा बिरादरों को हल्बा संस्कृति और रीति -नीति की जानकारी मिली।


 *हल्बा समाज के प्रतीक और झण्डा को अंतिम रूप से स्वीकृति हेतु 26 दिसंबर 1997 को दिया गया*     



हल्बा समाज के प्रतीक और झण्डा को अंतिम रूप से स्वीकृति हेतु 26 दिसंबर 1997 को अंतिम राष्ट्रीय बैठक 18 गढ़ हल्बा समाज भवन, पत्थरागुड़ा, बड़ेडोंगर में सम्पन्न हुई। इस बैठक में महाराष्ट्र, बालाघाट, बालोद महासभा सहित बस्तर अंचल के 18 गढ़ हल्बा समाज के पदाधिकारी और सगा बिरादर शामिल हुये। बैठक में बालोद महासभा से प्रमुख रूप से श्री बहुर सिंह रावटे, श्री मुन्नालाल ठाकुर, श्री देव प्रसाद आर्य, 18 गढ़ महासभा से श्री लक्ष्मण सिंह प्रधान और स्व.एस.आर.एल्मा एवं 32 गढ़ महासभा से स्व. जलदेव प्रधान की मुख्य भूमिका रही।                 कर्मचारी प्रकोष्ठ के श्री पी.आर.नाईक, श्री जी.आर.राना  श्री, किशन मानकर और श्री ओ.एस.जमदार ने सामाजिक एकीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। बैठक में समाज के झण्डे और प्रतीक चिन्ह को मान्यता दी गई। सभी महासभा के सामाजिक सदस्यों ने एक झण्डा, एक प्रतीक, एक भाषा-बोली और संस्कृति को 26 दिसंबर 1997 को मान्यता प्रदान किया। इसी दिन से क्षेत्रीय और सांस्कृतिक विविधता के बावजूद सभी हल्बा एकता के सूत्र में बंध गये। इस दिन को ऐतिहासिक मानते हुये प्रतिवर्ष 26 दिसंबर को हल्बा समाज राष्ट्रीय पर्व के रूप में मनाता है।

एक समान संस्कृति के पालन से ही समाज में एकता कायम होगी       

सामाजिक एकीकरण एक पेचीदा विषय है। संस्कृति और क्षेत्रीय आधार पर महासभाओं का गठन एकीकरण में बाधक है। बस्तर में आदिकाल से निवासरत हल्बा जनजाति की संस्कृति ही मूल हल्बा संस्कृति है। एकीकरण में बाधक अन्य कारण पांचों महासभा में अहं और वर्चस्व की लड़ाई है। जब तक अहं और वर्चस्व का दंभ बना रहेगा, एकीकरण सुनहरा सपना ही प्रतीत होगा। मेरे विचार से संस्कृति ने सदियों से समाज को जोड़कर संगठित करने का कार्य किया है।

            एक समान संस्कृति के पालन से ही समाज में एकता कायम होगी। आधुनिक युग में रूढ़िजन्य परंपराओं और प्रथाओं का पालन कितनी शिद्दत से कर  पाते हैं ? और जनजातीय समाज की मूल अवधारणा को संरक्षित कर पाने में समाज किस हद तक सफल हो पाया है ? वर्तमान तकनीकी युग में यह यक्ष प्रश्न  समाज के लिए मुख्य चुनौती है। पुन: माई दन्तेश्वरी को स्मरण करते हुये अखिल भारतीय आदिवासी हल्बा समाज को 24 वें शक्ति दिवस महापर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनायें। जय हल्बा, जय शक्ति।





भागेश्वर पात्र, शिक्षक, साहित्यकार एवं सामाजिक शोधकर्ता,

मो.नं.-9407630523, जिला नारायणपुर, (छत्तीसगढ़)

बुधवार, 2 सितंबर 2020

बुधवार, सितंबर 02, 2020

बस्तर रियासत में हल्बा क्रांति



बस्तर रियासत में हल्बा क्रांति

लेखक :- GOVINDA दिनांक :- Wednesday 02-09-2020 

" बस्तर रियासत 1324 ईस्वी के आसपास स्थापित हुई थी, जब अंतिम काकातिया राजा, प्रताप रुद्र देव ( 12 9 0-1325) के भाई अन्नाम देव ने वारंगल को छोड़ दिया और बस्तर में अपना शाही साम्रज्य स्थापित किया | महाराजा अन्नम देव के बाद महाराजा हमीर देव , बैताल देव , महाराजा पुरुषोत्तम देव , महाराज प्रताप देव ,दिकपाल देव ,राजपाल देव ने शासन किया |बस्तर शासन की प्रारंभिक राजधानी बस्तर शहर में बसाई गयी , फिर जगदलपुर शहर में स्थान्तरित की गयी । बस्तर में अंतिम शासन महाराजा प्रवीर चन्द्र भंज देव (1936-1948) ने किया । महाराजा प्रवीर चन्द्र भंज देव बस्तर के सभी समुदाय , मुख्यतः आदिवासियों के बीच बेहद लोकप्रिय थे। ‘दंतेश्वरी ‘, जो अभी भी बस्तर क्षेत्र की आराध्य देवी है , प्रसिद्ध दांतेश्वरी मंदिर दंतेवाड़ा में उनके नाम पर रखा गया है।
      क्रांति कभी भी किसी आयाम का जन्मदाता होता है भले ही क्रांति किसी भी उद्देश्य की पूर्ति के लिए हो कालांतर में हल्बा समाज में भी क्रांति विद्रोह पुरातन काल में हुआ है देश काल परिस्थिति किसी भी क्रांति या निर्माण के लिए सहयोग करती है | 
      क्षेत्रीय सामाजिक इतिहास की जानकारी सामाजिक चेतना की धरोहर है प्राचीन बस्तर एक स्वतंत्र राज्य था। बस्तर रियासत में नल वंश गंगवंश छिंदक नागवंश और चालुक्य काक्तिय वंश के शासकों ने शासन की। चालुक्य वंश के 14वें शासक अजमेर सिंह थे। वे चालुक्य नरेश दलपत देव के पुत्र थे। दलपत देव बस्तर रियासत में संभवत 1731 ईसवी से 1974 ईसवी तक शासन किया। दलपत देव की सात रानियां थी, और पटरानी राम कुंवारी के पुत्र अजमेर सिंह थे। 
        रानी कुसुम कुंवारी के पुत्र दरियाव देवता थे। दरियाव देव दलपत देवकी बड़े पुत्र थे, राजा दलपत देव ने दरियाव देव को बस्तर का राजा बनाने के उद्देश्य से अजमेर सिंह को 18 गढ़ बड़े डोंगर का राज्यपाल नियुक्त किया। दलपत देव के इस चाहत को हलबा जाति ने जमकर विरोध किया। 1774 ईस्वी में दलपत देव स्वभाव से उदंड और तेजतर्रार था, इस कारण रियासत में जन आक्रोश राजा की प्रति काफी बढ़ गया। 
        जनाक्रोश के चलते बड़े डोंगर मे बसे हलबा जाति के लोग अजमेर सिंह को बस्तर रियासत का राजा बनाने हेतु जन समर्थन जुटाए, योजना अनुसार अजमेर सिंह 18 गढ़ बस्तर अंचल के हल्बा जाति की सैनिकों के सहयोग से राजा दरियाव देव पर जगदलपुर में हमला बोल दिया। जिसमें दरियाव देव बुरी तरह हार गया। तब अजमेर सिंह हल्बा जाति के सहयोग से बस्तर रियासत के राजा बने। तथा 2 वर्ष तक सफलतापूर्वक शासन किया तथा रियासत में हलबा जाति को मुख्य मुख्य पदों में नियुक्ति मिला परास्त होने पर दरियाव देव पड़ोसी राज्य जयपुर उड़ीसा चला गया समय अंतराल दरियाव देव हार का बदला लेने के लिए जयपुर रियासत के सहयोग से जगदलपुर में चढ़ाई कर दिया जिसे अजमेर सिंह सामना नहीं कर सके तथा बुरी तरह घायल हो गए घायल अजमेर सिंह को हल्बा जाति के लोग उठाकर बड़े डोंगर लाए एवं जड़ी बूटी एवं अन्य दवाइयों के माध्यम से उपचार किया गया। 
        फिर भी अंततः उनकी मृत्यु हो गई अजमेर सिंह की मृत्यु के उपरांत 18 गढ़ के हलबा जाति के लोग दरियाव देवकी विरुद्ध हो गए और विद्रोह करने लगे बस्तर रियासत के इतिहास में यह विद्रोह हल्बा विद्रोह के नाम से प्रसिद्ध हुआ दरियाव देव ने 1779 ईस्वी में हलवा कांति का रिसेंट पूर्वक दमन किया दरियाव देव की सैनिक बस्तर रियासत में सिर्फ हल्बा जाति के लोगों के साथ ही कत्लेआम लूटमार की हलबा जाति के लोगों को रियासत के सैनिक पकड़ पकड़ कर 90 फीट चित्रकोट (बस्तर) जलप्रपात में फेंक दिए जिसे तत्कालीन समय में 18 गढ़ बस्तर में हल्बा जाति का महाविनाश हो गया इस तरह दरियाव देव ने हलवा क्रांति का बुरे ढंग से दमन किया। 
        बस्तर अंचल में किवदंती है कि हल्बा क्रांति का दमन चक्र जलियांवाला बाग हत्याकांड जैसा विभत्स था इस हलवा क्रांति विषय पर वर्तमान समय में हल्बा समाज के उच्च शिक्षित नवयुवकों को शोध करना चाहिए ताकि अखिल भारतीय स्तर पर हल्बा समाज को ज्ञात हो सके की प्राचीन बस्तर रियासत में हल्बा जाति का बलिदान हुआ था।
      सभार भुवनेश्वर भारद्वाज 
        अध्यक्ष गढ़ बारसूर "

READ YOUR LANGUAGE